बीकानेर में अब जल की पर्याप्तआपूर्ति नहीं होने के चलते आम जन में आक्रोश पैदा होने लगा है। जिसके कारण आज मुरलीधर व्यास कॉलोनी क्षेत्र और रानीसर क्षेत्र के लोगों ने नयाशहर गेट स्थित जलदाय विभाग के कार्यालय में अभियंता का घेराव कर प्रदर्शन करते हुए विरोध दर्ज करवाया। कांग्रेस नेता संतोष परिहार की अगुवाई में किए गए इस प्रदर्शन में लोगों का रोष था कि जलदाय विभाग की ओर से एक दिन छोड़कर एक दिन जल सप्लाई की व्यवस्था की गई है। उसके बाद भी उनके क्षेत्र में पर्याप्त जल आपूर्ति नहीं हो रही है। इस वजह से पीने के पानी का भी संकट पैदा हो गया है। हालत यह है कि लोग बूंद बूंद पानी को तरस रहे हैं। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर समय रहते हमारे क्षेत्र में पर्याप्त जल आपूर्ति नहीं की गई। तो आगामी दिनों में उच्च अधिकारियों का घेराव किया जाएगा।
