राजस्थान कांग्रेस के बड़े नेता रामेश्वर डूडी (62) का शुक्रवार देर रात बीकानेर में निधन हो गया। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे डूडी लंबे समय से बीमार थे। परिवार के अनुसार वे करीब 25 महीने से कोमा में थे।
डूडी की पहचान किसान नेता के साथ पेंट-शर्ट वाले जाट नेता के तौर पर भी थी। साल 2004 के बीकानेर लोकसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी कैंडिडेट और एक्टर धर्मेंद्र को कड़ी चुनावी टक्कर दी थी।
उनका अंतिम संस्कार आज बीकानेर में ही किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने डूडी के निधन को कांग्रेस के लिए बड़ा नुकसान बताया है।
बीकानेर कांग्रेस (देहात) अध्यक्ष बिशना राम सियाग ने बताया कि अगस्त 2023 में डूडी को ब्रेन स्ट्रोक हुआ था। उन्हें तुरंत एसएमएस अस्पताल ले जाया गया था। वहां से उन्हें गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था।
उसके बाद वो दिल्ली में अपने घर पर ही इलाज ले रहे थे। कुछ दिन पहले उन्हें फिर से हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था, लेकिन उनकी हालत में ज्यादा सुधार नहीं हुआ।
इसके बाद डॉक्टर्स ने उन्हें घर भेज दिया था।
