बीकानेर। खेजड़ी बचाने को लेकर विश्नोई धर्मशाला के सामने चल रहे महापड़ाव के छठे दिन शनिवार को कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की ओर से आन्दोलन को अपना समर्थन दिया। पूर्व मंत्री डॉ बी डी कल्ला की अगुवाई में कांग्रेसजनों ने पैदल मार्च निकालकर धरना स्थल पहुंच आन्दोलन को जायज बताते हुए सख्त कानून की पैरवी की। इस दौरान डॉ कल्ला ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि खेजड़ी बचाने का यह आंदोलन प्राणी मात्र की रक्षा से जुड़ा है। खेजड़ी के कटने से रेगिस्तान सुपर रेगिस्तान बन जाएगा। इसकी कटाई सहित अन्य पेड़ों की कटाई पर रोक लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं,बल्कि सामाजिक सरोकार का विषय है।उन्होंने कांग्रेस पर राजनीति करने के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि सरकार की दोगली नीति है। जो जोधपुर व बीकानेर में तो खेजड़ी की कटाई पर रोक की बात करती है और बाकी संभागों में इसकी कटाई की रोक पर कोई स्पष्ट नीति नहीं। पैदल मार्च में उनके साथ पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत सहित अनेक पूर्व पार्षद व पूर्व पदाधिकारी भी शामिल रहे। सुबह से मंच पर भजन-कीर्तन चला,पर्यावरण प्रेमी क्रमिक अनशन पर बैठे रहे और कांग्रेस ने रैली निकालकर आंदोलन को समर्थन दिया।बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी और बिश्नोई समाज के लोग अनशन पर बैठे हैं।