बीकानेर। गुरुनानक देवजी का प्रकाशोत्सव शुक्रवार को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इंदिरा गांधी नहर कॉलोनी लालगढ़,रानी बाजार स्थित गुरुद्वारों में अखंड पाठ का भोग भरा और शबद कीर्तन हुए। अटूट लंगर का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारों में मत्था टेक कर अरदास की और नानक देवजी के आदर्शों का स्मरण किया।शहर में सुबह से ही गुरुद्वारों में अरदास करने वालों की भीड़ लगी रही। रागी जत्थों ने कीर्तन-भजनों, शबद वाणियों की प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। रानी बाजार स्थित गुरुद्वारा श्रीगुरु सिंघ सभा में सुबह साढ़े दस बजे भोग श्रीअखंड पाठ के बाद मुख्य दीवान सजा। इसमें कीर्तन के साथ लोगों ने अरदास की। अटूट लंगर बरता गया। रागी जत्थों ने सत्संग व शबद गायन किया। साथ ही गुरु इतिहास पर व्याख्यान दिया। आइजीएनपी कॉलोनी लालगढ़ स्थित गुरुद्वारा दशमेश दरबार में सुबह 10 बजे सुखमणी साहेब का पाठ हुआ। सुबह 11 बजे शबद कीर्तन हुआ। दोपहर डेढ़ बजे से अटूट लंगर का आयोजन किया गया। रागी जत्थों ने कीर्तन-सत्संग की प्रस्तुतियां दी।