बीकानेर
सूर्य सप्तमी के अवसर पर राज्य के समस्त सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों तथा शिक्षा विभाग के कार्यालयों में सूर्य नमस्कार का आयोजन किया जाएगा। शिक्षा विभाग ने निर्देश जारी कर स्पष्ट किया है कि 25 जनवरी को राजकीय अवकाश होने के कारण सूर्य सप्तमी के पूर्व दिवस 24 जनवरी (शनिवार) को यह आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी गुणवत्ता एवं नवाचार, माध्यमिक शिक्षा राजस्थान, बीकानेर डॉ. राम गोपाल शर्मा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि मानव जीवन में प्रकाश का विशेष महत्व है तथा पृथ्वी पर प्रकाशीय ऊर्जा का सबसे बड़ा स्रोत सूर्य है। सूर्य की किरणें न केवल जीवन को ऊर्जावान बनाती हैं, बल्कि अनेक स्वास्थ्यवर्धक लाभ भी प्रदान करती हैं। विटामिन-डी का प्रमुख प्राकृतिक स्रोत भी सूर्य की किरणें ही हैं।
आदेश में बताया गया है कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी सूर्य नमस्कार का आयोजन राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय कार्यक्रम के रूप में किया जाएगा। इसके लिए सभी अधीनस्थ कार्यालयों एवं विद्यालयों को पूर्व तैयारियां, व्यवस्थाएं एवं अभ्यास समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतिदिन आयोजित होने वाली प्रार्थना सभा में सूर्य नमस्कार अभ्यास को भी शामिल किया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने इस आयोजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा है कि कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्यवर्धक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक लाभ सुनिश्चित किए जाएं। इस संबंध में पूर्व में जारी विभागीय पत्रों का भी संदर्भ दिया गया है तथा सभी संभागीय संयुक्त निदेशकों को अपने-अपने क्षेत्र में कार्यक्रम का सफल एवं सुचारू आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *