बीकानेर। श्री कृष्ण माहेश्वरी मंडल के तत्वावधान में गुरुवार को महेश नवमी मनाई गई। इस मौके पर पूजन, अभिषेक, महाआरती की गई। शोभायात्रा मे बड़ी संख्या में माहेश्वरी समाज के लोगों ने भागीदारी निभाई। सुबह साढ़े आठ बजे मोहता चौक स्थित मंडल कार्यालय में पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद मरूनायक मंदिर में सदैव की भांति परम्परागत कलम-दवात व तराजू का पूजन किया गया। इस अवसर पर अनेक गणमान्य माहेश्वरी पुरुषों के अलावा समाज की मातृशक्ति ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। बिन्नाणी बगेची में आयोजित भगवान शिव के अभिषेक में माहेश्वरी पुरुषों व युवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।। जस्सूसर गेट बाहर स्थित बिन्नाणी बगेची में भगवान शिव का अभिषेक किया गया। शाम को शोभायात्रा निकली। शोभायात्रा का जगह जगह स्वागत सत्कार किया गया। साथ ही सजातिय बंधुओं ने शोभायात्रा में शामिल लोगों को पेय पदार्थ भी पिलाया। आयोजन को लेकर सुशील करनाणी,अनिल सोनी झूमरसा,रमेश करनाणी,सुनील सारड़ा,रमेश चांडक,कालू राठी,विजय थिरानी,सुरेश मोहता,सुरेश दम्माणी,रघुवीर झंवर,नारायण बिहाणी,महेश चांडक,मनोज चांडक,महेश दम्माणी,नरेन्द्र राठी,गोपीकिशन पेडिवाल सहित समाज के गणमान्यजनों व महिलाओं ने भागीदारी निभाई।
निकली सचेतन झांकियां
शाम पांच बजे बाद डागा चौक स्थित महेश भवन से गाजे-बाजे से शोभायात्रा निकाली गई। इसमें शिव, गणेश सहित देवी-देवताओं सचेतन झांकियां निकाली गई। शोभायात्रा डागा चौक स्थित महेश भवन से रवाना होकर तेलीवाड़ा,मोहता चौक,दम्माणी चौक,बी के स्कूल,जस्सूसर गेट होती हुई महेश सदन सम्पन्न हुई। देर शाम को पूगल रोड स्थित माखनभोग में पूनरासर पुजारी परिवार से आए पुजारी ने भगवान महेश की महाआरती की। इसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।
