हनुमानगढ़
2 किलो अफीम सहित एक गिरफ्तार चित्तौड़गढ़ से सप्लाई देने आया था
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 10 लाख रुपए आंकी गई
हनुमानगढ़ से हैं जहां जंक्शन पुलिस ने 2 किलो 50 ग्राम अफीम के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी चितौड़गढ़ से यहां अफीम की सप्लाई देने आया था। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 10 लाख रुपए आंकी गई है। जंक्शन थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने बताया कि सूचना मिली कि क्षेत्र में अफीम की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली तो अफीम बरामद हुई। आरोपी की पहचान उदयलाल उर्फ उदा निवासी गांव तुंबरिया थाना गंगरार चितौड़गढ़ के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह वर्ष 2017 में 1 किलो 600 ग्राम अफीम सहित रावतसर क्षेत्र में पकड़ा गया था और 4 माह तक नोहर जेल में रहा था। जमानत पर छूटने के बाद वह कई बार जिले में कैरियर के तौर पर अफीम की आपूर्ति देने आ चुका है। अब वह जिले में दूसरी बार पकड़ा गया। उसने बताया कि उसे सप्लायर सिर्फ इतना बताते थे कि अफीम लेकर जानी है और कहां व किसको देनी है यह नहीं बताते थे। यहां पहुंचने के बाद उसे ठिकाना और हुलिया बताया जाता था जहां पहुंचने पर वह हुलिया देखकर अफीम की डिलीवरी दे देता था। उसे एक बार की डिलीवरी के 5 हजार रुपए मिलते थे और 2500 किराए के अलग से देते थे। इस कार्रवाई में कांस्टेबल संदीप कुमार, सुरेंद्र कुमार, चंद्रविजय शेखर, हेमेंद्र सिंह और अजायब सिंह की टीम शामिल थी। कांस्टेबल सुरेंद्र सांखला की इस कार्रवाई में विशेष भूमिका रही।
