बीकानेर
कानासर की शांत रोही एक बार फिर शिकारियों की दरिंदगी की गवाह बनी। बीछवाल थाना क्षेत्र स्थित कानासर इलाके में अज्ञात शिकारियों द्वारा दो हिरणों का बेरहमी से शिकार कर दिया गया। आज जंगल में दो हिरणों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही जीव रक्षा संस्था के जिलाध्यक्ष मोखराम धारणियां अपनी टीम सहित मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायज़ा लिया। साथ ही बीछवाल पुलिस व वन विभाग को भी सूचना दी गई, जिसके बाद दोनों विभागों की टीमें घटनास्थल पर पहुँचीं और कानूनी कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि शिकारी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। जंगल में हिरणों के शव मिलने के बाद यह आशंका जताई जा रही है कि यह संगठित शिकार गिरोह का काम हो सकता है,जो लंबे समय से सक्रिय है। जीव रक्षा संस्था ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए गश्त बढ़ाई जाए और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी हो।
यह घटना न केवल वन्यजीव संरक्षण कानूनों की खुलेआम अवहेलना है, बल्कि यह इंसानियत के नाम पर भी एक कलंक है। अब देखना यह होगा कि वन विभाग और पुलिस मिलकर शिकारियों तक कब और कैसे पहुँच पाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *