बीकानेर। शक्ति की उपासना का नौ दिवसीय नवरात्र पूजन अनुष्ठान बुधवार को सम्पन्न हुआ। घरों और मंदिरों में देवी मूर्तियों का अभिषेक,पूजन,श्रृंगार,आरती की गई। नौ दिवसीय अनुष्ठान की पूर्णाहुति पर देवी पाठ और मंत्रों के उच्चारण के बीच हवन में आहुतियां दी गई। अंतिम नवरात्र पर शहर में स्थित देवी मंदिरों में अलसुबह से ही दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह से देर रात तक देवी मंदिर माता के जयकारों से गूंजते रहे। मंदिरों में कन्या पूजन और धार्मिक अनुष्ठान हुए। घर-घर में चल रहे नौ दिवसीय पूजन-अनुष्ठान की पूर्णाहुति पर हवन में आहुतियां दी गई। तेल, सिंदूर, मालीपाना, बर्ग आदि पूजन सामग्री से देवी मूर्तियों का पूजन कर आरती की गई। लापसी का विशेष भोग अर्पित किया गया। नौ दिनों तक देवी उपासना करने वाले श्रद्धालुओं ने व्रत-अनुष्ठान की पूर्णाहुति की। घरों व मंदिरों में भजन, स्तुति गान के आयोजन हुए। नवरात्र पूजन अनुष्ठान की पूर्णाहुति पर रविवार को देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में दर्शनार्थी पहुंचे। नागणीचीजी, विजय भवन, मां सच्चियाय ओसिया मंदिर, आशापुरा मंदिर, सुजानदेसर कालीमाता मंदिर, मां उष्ट्रवाहिनी मंदिर, राज राजेश्वर बाला त्रिपुरा सुंदरी मंदिर, सूरसागर के पास स्थित करणी माता मंदिर, जूनागढ़ स्थित देवी मंदिर, जयपुर रोड स्थित वैष्णोधाम सहित शहर में विभिन्न स्थानों पर स्थित देवी मंदिरों में दर्शन, पूजन के साथ धार्मिक अनुष्ठान हुए। वेटरनरी स्थित विजय भवन में करणी मंदिर में कन्याओं का पूजन किया गया।श्रीलक्ष्मीनाथ नवयुवक मंडल एवं मां सती माता भक्त मंडल की ओर से भांडाशाह जैन मंदिर परिसर में 751 कन्याओं का पूजन हुआ। जिसमें बतौर अतिथि दाताश्री रामेश्वरानंद महाराज,विधायक जेठानंद व्यास,राजेश चूरा,रमेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्वालु पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *