हनुमानगढ़ जिले की महिला थाना पुलिस ने टॉप टेन इनामी वांछित को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पिछले 2 साल से फरार चल रहा था। एससी एसटी सीओ रणवीर सिंह ने बताया कि महिला थाना पुलिस में एससी एसटी और छेड़छाड़ मामले में वांछित टॉप टेन इनामी आरोपी महेंद्र कुमार को महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। सीओ रणवीर सिंह ने बताया कि महिला थाना पुलिस टीम करीबन हफ्ते भर तक महाराष्ट्र के औरंगाबाद में टॉप टेन अपराधी को पकड़ने के लिए बैठी रही। वांछित आरोपी इतना शातिर है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से पिछले 2 साल से फरारी काट रहा था लेकिन किसी भी तरीके से परिवार के सम्पर्क में नहीं था। वो औरंगाबाद में ट्रांसपोर्ट व्यापारी के यहां चालक का कार्य कर रहा था। सीओ रणवीर सिंह ने बताया कि आरोपी महिला थाना पुलिस में टॉप टेन और 10 हजार का इनामी था। आरोपी महेंद्र गोदारा टाउन थाने का स्थायी वारंटी भी है। इसके अलावा ऐलनाबाद में भी ट्रेक्टर चोरी मामले में वांछित बताया जा रहा है। पुलिस ने आज आरोपी को कोर्ट में पेश किया जिसके बाद कोर्ट ने महेन्द्र गोदारा को जेल भेज दिया।