बीकानेर। अधर्म पर धर्म की विजय का पर्व दशहरा शहर में धूमधाम से मनाया जाएगा। डॉ. करणी सिंह स्टेडियम,राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय मैदान व धरणीधर खेल मैदान में दशहरा महोत्सव के आयोजन होंगे। यहां रावण,कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन होगा। भव्य एवं कलात्मक आतिशबाजी होगी। दशहरा कमेटियों की ओर से दशहरे के दिन शहर में सचेतन झांकियां निकाली जाएगी। पुतलों के निर्माण सहित झांकियों को लेकर तैयारियां प्रारंभ हो गई है।बीकानेर दशहरा कमेटी की ओर से डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। पुतलों का निर्माण अंतिम चरण में है। झांकियों के लिए पात्र कलाकारों की ओर से पहने जाने वाले वस्त्र, अस्त्र-शस्त्र, आभूषण इत्यादि की तैयारियां प्रारंभ हो गई है। इस बार डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में 85 फीट ऊंचाई के रावण को पुतले को बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। वहीं 70-70 फीट ऊंचाई के कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का निर्माण करवाया जाएगा।
आकार लेना शुरू हुए पुतले
दशहरा महोत्सव को लेकर डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में पुतले आकार लेना प्रारंभ कर चुके है। उत्तर प्रदेश से आए कारीगरों की टीम पुतलों को बनाने में जुट गई है।महोत्सव में इस बार पुतलों के दहन के दौरान आकर्षक आतिशबाजी होगी। पुतलों के दहन के दौरान नयनाभिराम दृश्य दर्शकों को देखने का मिलेगा। रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों के साथ रावण की सोने की लंका भी तैयार होगी। स्टेडियम में चारो ओर भव्य आतिशबाजी के नजारे देखने को मिलेंगे।
