बीकानेर। प्रदेश में जल्द ही चौथी वंदे भारत ट्रेन का संचालन शुरू होगा। यह बीकानेर से चूरू होते हुए दिल्ली कैंट तक चलेगी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी स्वीकृति दे दी है।उन्होंने इस बारे में केंद्रीय कानून मंत्री और सांसद अर्जुनराम मेघवाल को जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि इस ट्रेन का संचालन सितंबर से शुरू हो सकता है।बीकानेर से दिल्ली कैंट के बीच वंदे भारत रेल सेवा शुरू करने के लिए मांग की जा रही थी। इसके लिए 5 अगस्त को सांसद मेघवाल ने एक लेटर रेल मंत्री को दिया था। अब रेल मंत्री ने वंदे भारत ट्रेन के संचालन की मंजूरी दे दी है।फिलहाल बीकानेर से दिल्ली के लिए 5 ट्रेन चलती हैं। इन ट्रेनों से 7 से 11:30 घंटे तक का समय लग रहा है। जबकि वंदे भारत से करीब 6:15 घंटे में दिल्ली पहुंचा जा सकेगा।राउंड ट्रिप करेगी वंदे भारत जानकारी के अनुसार,बीकानेर से ट्रेन सुबह 5:45 बजे रवाना होकर 448 किमी की दूरी तय कर सुबह 11:50 बजे दिल्ली कैंट पहुंचेगी। दिल्ली कैंट से ट्रेन शाम 4:45 बजे रवाना होकर रात 11 बजे बीकानेर पहुंचेगी।संभावना जताई जा रही है कि वंदे भारत बीकानेर से दिल्ली का सफर चूरू होते हुए पूरा करेगी। यह ठहराव कितनी देर का होगा या और कितने स्टॉप रहेंगे,फिलहाल इसकी सूचना जारी नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *