राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन का हुआ सीधा प्रसारण,महिलाओं को मिली अनेक सौगातें
बीकानेर, 14 दिसंबर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में शनिवार को उदयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन का सीधा प्रसारण रवींद्र रंगमंच पर किया गया। इस दौरान राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष डॉ. सी.आर.चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में अनेक योजनाएं संचालित की हैं। प्रत्येक पात्र महिला तक इनका लाभ पहुंचे, इसके मद्देनजर विभागीय अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी से कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने उज्ज्वला जैसी महत्वपूर्ण योजना दी। देश की करोड़ों महिलाओं को इसका लाभ मिला है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने भी महिलाओं के उत्थान के लिए ऐतिहासिक योजनाएं दी हैं। लखपति दीदी योजना ने महिलाओं का जीवन स्तर सुधारा है। श्री चौधरी ने महिला कल्याण की इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा राज्य सरकार के वर्तमान कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है कि राज्य सरकार अपने कार्य का लेखा जोखा आमजन को दे रही है। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने राज्य सरकार के संकल्प पत्र के कार्यों को गति दी है। बजट की घोषणाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन पहली बार निश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा सरकारी नौकरियों के साथ युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए राइजिंग राजस्थान समिट का आयोजन करवाया गया। जिसमें 35 लाख करोड़ रुपए इन्वेस्टमेंट के एमओयू हुए हैं। उन्होंने चिकित्सा विभाग में 15 हजार युवाओं को नौकरी देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया
