बीकानेर। भाई-बहन के अटूट प्यार का त्यौहार रक्षाबंधन आज पूरे देश में परम्परागत रूप से मनाया जा रहा है। बीकानेर में रक्षाबंधन का पर्व उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। जहां बहनें अपने भाई के राखी बांधकर उनके दीर्घ आयु व स्वस्थ्य जीवन की कामना कर रही है। इसी कड़ी में देश की सुरक्षा के लिये तैनात बीएसएफ के जवानों के साथ भी महिलाओं व बालिकाओं ने यह पर्व मनाया। सीमा सुरक्षा बल सेक्टर मुख्यालय पर भी रक्षाबंधन का पर्व उत्साह पूर्वक मनाया गया। राजस्थान उच्च न्यायालय की अधिवक्ता अर्पिता की अगुवाई में महिलाओं व बालिकाओं ने बीएसएफ के जवानों का मुंह मीठा कराकर उन्हें राखी बांधी और उनकी हौसला अफजाई की। वहीं बीएसएफ की महिला जवानों ने भी पुरूष जवानों को रक्षा सूत्र बांधे। इस अवसर पर बीएसएफ के कमाण्डेट बी एल यादव ने बताया कि रक्षा सूत्र बांधने के इस आयोजन का उद्देश्य बॉर्डर पर देश के लिए खड़े जवानों का मनोबल बढ़ाना है। उन्होंने महिलाओं व बालिकाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने घरों से दूर यहां बॉर्डर पर बैठे जवानों को राखी बांधकर, तिलक लगाकर,मिठाई खिलाकर सही अर्थों में रक्षाबंधन का उत्सव मनाया है।