बीकानेर में आज आदर्श विद्या मंदिर में भारतीय परिवहन मजदूर संघ के दो दिवसीय 26वें त्रैवार्षिक अखिल भारतीय अधिवेशन का शुभारंभ राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन सत्र में स्वागताध्यक्ष मक्खन लाल कांडा ने स्वागत उद्बोधन दिया। भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय महामंत्री रविंद्र हिमते ने भारतीय मजदूर संघ की स्थापना, इतिहास और वर्तमान स्थिति से अवगत करवाया। भारतीय मजदूर परिवहन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमाकांत सचान ने अध्यक्षीय उद्बोधन दिया। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि पिछले लगभग बारह वर्षों में हमने प्रत्येक क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। इसमें हमारे श्रमिकों और मजदूरों का बड़ा योगदान है। राज्यपाल ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ आज देश के विविध क्षेत्रों में काम कर रहा है। देश के सबसे ज्यादा मजदूर इस संगठन से जुड़े हैं। प्रत्येक मजदूर ठेंगड़ी जी के सिद्धांतों का अनुसरण करें और राष्ट्रहित में अपना योगदान दें।
