बीकानेर।बरसात होने के एक दिन बाद जिले में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी घटकर महज 25 मीटर रह गई। कोहरे के साथ-साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया है। बरसात होने से तापमान में गिरावट का असर दिखा वहीं कोहरा भी रात में फैलना शुरू हो गया।
सड़कों पर धीमी हुई रफ्तार
घने कोहरे के कारण शहर की प्रमुख सड़कों पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में वाहनों की गति काफी धीमी हो गई और लोग सावधानीपूर्वक वाहन चलाते नजर आए।
ठंड और कोहरे का दोहरा असर
सुबह के समय कोहरे के साथ ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का असर साफ दिखाई दिया। तापमान में आई गिरावट के चलते लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए।
स्कूल-कॉलेज सामान्य रूप से खुले
कोहरे और ठंड के बावजूद शहर के स्कूल और कॉलेज सामान्य दिनों की तरह खुले रहे और कक्षाएं नियमित रूप से संचालित की गईं। हालांकि छात्रों और अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
